सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद के सलाह वार्ड में शनिवार रात चोरों ने एक पुलिस अधिकारी के किराये के मकान में सेंध लगाकर वहां से करीब छह हजार की नकदी और कुछ आभूषण चुरा लिए है। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी जिला पुलिस बद्दी बटालियन में बतौर इंस्पेक्टर तैनात है। इस मकान में उनकी पत्नी रह रही थी। वह शिक्षिका के पद पर सरकारी स्कूल में तैनात हैं। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। सुबह जब चोरी का पता चला तो सुंदरनगर थाना में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने वारदात की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर में पुलिस अधिकारी फिरोज खां के किराये के आवास पर शनिवार रात चोरों ने सेंध लगा दी। सुबह जब पुलिस अधिकारी की पत्नी आवास पर पहुंची तो उसने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थी। जांच में अलमारी के लॉकर में रखी करीब छह हजार की नकदी और कुछ आभूषण नदारद पाए गए। जिस पर महिला ने अपने पति को घटना की सूचना दी। जिन्होंने सुंदरनगर थाना को इस वारदात के बारे में सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस दल ने मौके पर पहुंच कर वारदात की जांच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने चोरों की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है।