रिवालसर(मंडी)। बल्ह के तहत सिध्यानी पंचायत में एक युवक का शव ढांक में मिलने से दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर इसे परिजनों को सौंप कर हादसे को कारणों की जांच शुरू कर दी है। भूप सिंह पुत्र नेत्र सिंह गांव टनेहड़ीशुक्रवार को रिश्तेदार के घर समारोह में शामिल होने के लिए गया हुआ था। शनिवार देर सायं समारोह के बाद वापस अपने घर आ रहा था। बताया जा रहा है कि अंधेरे में रास्ते में पांव फिसल जाने से वह गहरी खाई में गिरकर घायल हो गया। घर न पहुंचने पर परिजन रात भर उसे ढूंढ़ते रहे, लेकिन अंधेरे में उसका पता नहीं चल पाया। सुबह परिजनों को युवक का शव ढांक में गिरा हुआ बरामद हुआ है। उधर, बल्ह पुलिस थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को केंद्र में रखकर कार्रवाई कर रही है।