सुंदरनगर(मंडी)। सुंदरनगर पुलिस ने नाके के दौरान मंगलवार रात जीप सवार दो युवकों से एक किलो 351 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस के दल ने मंगलवार रात करीब दो बजे पुंघ में हाईवे पर नाका लगा रखा था। इस दौरान कुल्लू की ओर से चंडीगढ़ जा रही जीप को पुलिस ने जांच के लिए रोका। जीप की तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक किलो 351 ग्राम चरस बरामद की। जिस पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया आरोपियों की पहचान सुनील कुमार (20) और सुनील चंद (22) निवासी शिव डोगी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अधीन धारा 20 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने बताया बुधवार शाम को आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जहां पूछताछ शेष रहने पर अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।