सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत जुगाहन के जरल गांव में शनिवार दोपहर तेंदुए के हमले में दो महिलाएं घायल हो गईं। सबसे पहले तेंदुए ने घास काटने गई बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर निकट के खेत में काम कर रही महिलाएं जब मौके पर पहुंचीं तो तेंदुआ वहां से भाग गया। लेकिन भागते हुए वह एक और महिला पर झपट पड़ा। दोनों महिलाओं का उपचार अस्पताल में करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार जरल गांव निवासी बुजुर्ग महिला सरला देवी (60) पत्नी साध राम चौधरी दोपहर को मक्की के खेतों में घास काटने गई थी। जब वह घास काट रही थी तो अचानक उस पर तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला के गले और सिर पर गहरी चोटें आई हैं। महिला ने साहस नहीं छोड़ा और जोर से चिल्लाने लगी। इसी दौरान पास के खेत में काम कर रही महिलाएं हाथ में दराट लेकर मौके पर पहुंचीं। जिन्हें निकट आता देख तेंदुआ वहां से भाग गया। लेकिन इस दौरान उसने रास्ते में शीला देवी पत्नी लालमन पर भी हमला कर दिया। पंचायत प्रधान धर्मी चौधरी ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुआ सक्रिय है। इसके कारण ग्रामीण दहशत में है। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।