सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद के तुनाही में स्थित डाक विभाग की कालोनी में तीसरी मंजिल पर स्थित एक मकान में चोरों ने दिनदहाड़े सेंध लगा कर एक घर से करीब 5 लाख के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। अलमारी में रखे आर्टिफिशियल गहनों को वह वहीं छोड़ गए हैं। जिस समय यह घटना हुई उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। महिला ताला लगा कर पड़ोस में गई हुई थी। इसी दौरान चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए आभूषण बेटी के विवाह के लिए खरीद कर रखे हुए थे। सूचना ंमिलने पर पुलिस ने मौका पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर निवासी सुधा रानी पत्नी जगदीश कुमार ने थाने में दर्ज करवाई प्राथमिकी में कहा है कि वीरवार शाम को वह आधे घंटे के लिए पड़ोस में एक घर में गई हुई थी। इस दौरान किसी ने उसके मकान का मुख्य दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किया और अलमारी में बेटी की शादी के लिए रखे आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। महिला के अनुसार चोरी हुए आभूषण करीब 14 तोले के थे। इस दौरान चोरों ने अलमारी में रखी करीब 10 हजार की नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। चोरों ने सिर्फ सोने के आभूषण ही चुराए हैं। इस वारदात की सूचना मिलने पर डीएसपी तरनजीत सिंह और थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।