नेरचौक (मंडी)। लूनापानी के समीप युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुबह साढ़े 11 बजे लूनापानी के समीप एक बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाई। बस के पीछे चल रहे कार चालक ने भी ब्रेक लगाई। इस दौरान कार के पीछे चल रहा स्कूटी चालक मनीष सेन (20) पुत्र ओमचंद जो मंडी की तरफ जा रहा था कार से टकराया और सड़क पर गिर गया। तभी वह मंडी की तरफ से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया। कार्यवाहक एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्कूटी चालक अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी चालक 20 वर्षीय मनीष सेन नेरचौक से मंडी की तरफ आ रहा था तभी लूनापानी के पास अचानक हादसे का शिकार हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं, ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।