गोहर (मंडी)। रोहांडा क्षेत्र के स्कूलों में छात्राओं के साथ सड़क किनारे बाइक पर सवार होकर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर आरोपी को बाइक नंबर के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। आरोपी की पहचान पूर्ण चंद निवासी बल्ह के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार बल्ह क्षेत्र का युवक बाइक पर सवार होकर जयदेवी से लेकर रोहांडा तक स्कूल में छुट्टी होने के समय बाइक पर पहुंच जाता था और सड़क किनारे घर जा रही लड़कियों से छेड़छाड़ करता था। पिछले तीन दिनों से इस युवक ने स्कूली छात्राओं का जीना हराम कर दिया था। रोहांडा स्कूल की छात्राओं और छात्रों ने इस सिरफिरे की बाइक का नंबर नोट कर लिया और घटना के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने बाइक नंबर बीएसएल थाना में लिखवाया और पुलिस को घटना की शिकायत की। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर आरोपी को उसके घर जाकर दबोच लिया। एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शनिवार को रोहांडा स्कूल की छात्राओं को पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त के लिए बुलाया था। छात्राओं ने आरोपी की पहचान कर ली। एसपी ने बताया कि छानबीन की जा रही है।