सरकाघाट के तहत भरनाल गांव में रविवार रात आकाशीय बिजली गिरने से धूं धूं कर जलती गोशाला।
बलद्वाड़ा (मंडी)। सरकाघाट के तहत भरनाल गांव में रविवार रात करीब नौ बजे बिजली गिरने से एक गोशाला में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार हरि सिंह पुत्र झंफर की गोशाला पर अचानक बिजली गिरने से उसमें रखा सूखा घास देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया और पूरी गोशाला जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बचाव का मौका नहीं मिल पाया। हालांकि, गनीमत यह रही कि घटना के समय गोशाला में कोई पशु बंधा नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। यदि पशु अंदर होते तो भारी जनधन की हानि हो सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस हादसे में गोशाला के साथ-साथ उसमें रखा सारा चारा भी नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है, जिससे वे अपने नुकसान की भरपाई कर सकें। कार्यालय कानूनगो गिंद्र पाल ने बताया कि संबंधित पटवारी ने रिपोर्ट भेज दी है, जिसे उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को राहत राशि दे दी जाएगी।