सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात कार की टक्कर से पति-पत्नी और उनकी दो वर्षीय बेटी घायल हो गए। हादसे में घायल पति को एम्स में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक यूपी की जिला महाराजगंज निवासी राजवंती (26) ने शिकायत में बताया कि वह अपने पति राजेश और दो वर्षीय बेटी अनुराधा के साथ सिहली में बेलदारी करने गई थी। रात करीब 8:45 बजे काम से लौटते समय वे डीपीएस स्कूल से कुछ पीछे पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आई कार ने उनके पति राजेश को टक्कर मार दी। टक्कर से राजेश सड़क पर गिर गए और उनकी गोद में मौजूद बेटी अनुराधा भी नीचे गिर गई। हादसे में बच्ची के सिर पर चोट आई है जबकि राजेश को भी चोटें लगीं। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। संवाद