सुंदरनगर(मंडी)। नाचन में ब्लॉक कांग्रेस के गठन को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने को लेकर बुधवार को धनोटू के निकट बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नाचन ब्लॉक कांग्रेस प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव यशपाल तनाईक ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक में नाचन में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इधर, कार्यक्रम शुरू होने से पहले कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाचन के एक युवा नेता के पक्ष में जोरदार नारेबाजी कर उसके पक्ष में दबाव बनाने का प्रयास किया। जब इस बारे में प्रभारी को जानकारी मिली तो उन्होंने इस पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने साफ संकेत देते हुए कहा कि वह पार्टी के पक्ष में नारे लगाएं, लेकिन व्यक्ति विशेष के प्रति नारे लगाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रभारी ने बैठक में जहां ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर कार्यकर्ताओं के सुझाव सुनें, वहीं उन्होंने नाचन के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ भी बैठक की। गौरतलब है कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में करीब एक साल से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का गठन नहीं हो पाया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने ब्लॉक के गठन की जिम्मेवारी के लिए प्रभारी की नियुक्ति की है। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव वीरेंद्र सूद व केशव नायक, पूर्व विधायक टेकचंद डोगरा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह कौशल, पूर्व जिला महासचिव ब्रह्मदास चौहान व कांग्रेस एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।