पधर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उरला की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन मंगलवार को स्वयंसेवकों ने जल शक्ति विभाग के सहयोग से उरला स्थित मुख्य पेयजल भंडारण टैंक की सफाई की। कार्यक्रम अधिकारी पंकज कुमार और आरती ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने पेयजल टैंक की तली में जमा गाद, सिल्ट और काई को हटाया तथा टैंक की आंतरिक दीवारों की सफाई की। इसके बाद निर्धारित मानकों के अनुसार टैंक के क्लोरीनीकरण और विसंक्रमण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी पंकज कुमार और आरती ठाकुर ने स्वयंसेवकों के सेवा भाव और उत्साह की सराहना की। शिविर के बौद्धिक सत्र में खंड स्वास्थ्य शिक्षक पधर उर्मिला चंदेल ने स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। संवाद