सुंदरनगर (मंडी)। भाजपा नेता पूजा वालिया ने सुंदरनगर के महामाया मंदिर और झील के किनारे बढ़ते नशे के मामलों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यहां कॉलेज और स्कूल के विद्यार्थी नशा कर रहे हैं। इस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर कड़ी नजर रखें, क्योंकि उनकी भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागर भूल रहे हैं कि उनकी अपनी संतान भी इसकी चपेट में आ सकती है। शिक्षा संस्थानों को भी इस मामले में सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि छात्र अपना अधिकतर समय वहीं बिताते हैं। पूजा वालिया ने सरकार से इन संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाने और सख्त निगरानी रखने की मांग की, ताकि युवाओं को नशे की दलदल में जाने से बचाया जा सके। संवाद