मंडी के पड्डल मैदान में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस अवसर पर बच्चों से संवाद करते
मंडी। जिला कल्याण विभाग मंडी के सौजन्य से बुधवार को पड्डल मैदान में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने की। उपायुक्त ने कहा कि सरकार तथा प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न योजनाओं व सुविधाओं के माध्यम से दिव्यांग बच्चों के जीवन को सहज व सामान्य बनाना है। उन्होंने विभागों और संस्थाओं द्वारा दिव्यांगजनों को भवन व अन्य सुविधाओं के निर्माण में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इससे पूर्व जिला कल्याण अधिकारी समीर ने दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर बच्चों ने 100 मीटर दौड़, चेस तथा अन्य खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया।