भोटा (हमीरपुर)। राधास्वामी चौक स्थित रेन शेल्टर के पास पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से 503 ग्राम चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नीरथ राम निवासी घरसाल, डाकघर खूहण, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मंडी से वाहन के माध्यम से राधास्वामी चौक भोटा पहुंचा था। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 503 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब जांच कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस इस मामले में नशे के संभावित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि बरामद चरस को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।