हाड़ाबोई, धन्यारा, सोझा और किंदर पंचायतों को मिलेगा कम दूरी का वैकल्पिक मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की चंडीकर-हाड़ाबोई सड़क परियोजना को केंद्र सरकार से स्टेज-1 इन-प्रिंसिपल वन स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 1.9784 हेक्टेयर वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग की मंजूरी मिलने से हाड़ाबोई, धन्यारा, सोझा और किंदर पंचायतों के हजारों लोगों को कम दूरी का वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित था और प्रदेश सरकार के प्रयासों से इसे मंजूरी मिली है। उन्होंने बताया कि सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में सुंदरनगर क्षेत्र के कई लंबित संपर्क मार्गों को वन स्वीकृति मिली है। चलोग-च्यूरी वाया धन्यारा सड़क की स्वीकृति के लिए भी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि सलापड़-तत्तापानी सड़क का डबल लेन निर्माण कार्य जारी है।