मंडी। सदर थाना मंडी में एक युवक ने अपने ससुराल पक्ष पर उसकी पत्नी को जबरदस्ती उठा ले जाने और उसके परिवार पर हमलाकर घायल करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर के हटौण शिवाबदार निवासी मोहेंद्र पाल ने अपनी शिकायत में कहा कि 28 नवंबर को उसने घ्राण सदर मंडी की एक युवती से उसकी मर्जी के मुताबिक सुंदरनगर कोर्ट में शादी की है। दोनों अपने परिजनों सहित घर पर रह रहे थे। 30 नवंबर दोपहर बाद 3 बजे लड़की के परिजन करीब 35-40 लोग, जिनके पास लोहे की रॉड़, खुखरी, चाकू, तलवार और डंडे थे, उनके घर आ पहुंचे और उसके परिजनों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। यही नहीं उसकी पत्नी को जबरन घसीटते हुए गाड़ी में बिठा कर अपने साथ ले गए। कहा कि इस घटना में उसके परिजनों को गंभीर चोटें पहुंची हैं। पुलिस ने युवक की शिकायत पर आईपीसी की धारा 452,323,147,149 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी आशीष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।