किसान बोले- पिछली बार की अपेक्षा इस बार अच्छी फसल, बिक रहा 200 रुपये किलो
अब हर साल पैदाबार बढ़ाने पर बढ़ रहा किसानों का रुझान
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोट (मंडी)। चौहार घाटी में इस बार लहसुन की बंपर फसल हुई है। वहीं, किसानों को इस बार दाम भी पिछले साल की अपेक्षा दोगुना मिल रहे हैं। इस बार किसानों का लहसुन खेतों में ही 150 से 200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इन दिनों किसान खेतों से लहसुन को निकालने में जुटे हैं। स्थानीय किसान सीता राम, राम सिंह, मोहन सिंह, लछमन, बीरी सिंह, अमर नाथ और मंगत राम ने कहा कि इस बार व्यापारी खेतों से ही लहसुन की खरीद कर रहे हैं। पहले लहसुन को खेतों से निकालने के बाद घर में सुखाना पड़ता था, लेकिन इस बार खेतों से ही लोग इसे खरीदकर ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार फसल की अच्छी पैदावार हुई है। व्यापारी दुरम, माया राम और चरण सिंह ने कहा कि वे लहसुन को आगे मंडियों में भेज रहे हैं। मंडियों में ग्रेड एक 150 से 200 रुपये किलो तक जा रहा है। बता दें कि चौहारघाटी में दिसंबर माह में लहसुन की बिजाई की जाती है, जबकि मई और जून में इसे खेतों से निकाला जाता है। उधर, किसानों को लहसुन के बेहतर दाम मिलने से उनका रुझान अब इस फसल की ओर बढ़ रहा है और अब किसान अधिक फसल पैदा करने के लिए प्रयास करेंगे।