जीजा-साले ने एक-दूसरे में लगाए मारपीट के आरोप
सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस थाना धनोटू के तहत एक व्यक्ति ने अपने जीजा पर रास्ता रोककर मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। जबकि दूसरे पक्ष में जीजे ने साले के खिलाफ क्रॉस शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता संतोष कुमार निवासी गांव दरबाथु, तहसील बल्ह ने शिकायत ने बताया कि शनिवार शाम वह अपनी दुकान बग्गी में मौजूद था। उसी समय उसका जीजा बीरबल बग्गी में आया तथा बिना वजह उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट कर गाली गलौज भी किया। जान से मारने की धमकी भी दी। जबकि, इस मामले में दूसरे पक्ष बीरबल निवासी गांव गागल का कहना है कि शनिवार को करीब 4 बजे दिन वह अपने घर गागल में था। इस दौरान उसके बेटे अंकुश ने फोन करके उसे बताया कि मामा संतोष कुमार इसके साथ मारपीट कर रहा है। वह जब अपने बेटे को लेने अपने साला संतोष की दुकान के बाहर पहुंचा तो वहां पर संतोष, भोला ने रोककर मारपीट की तथा गाली- गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उसकी पत्नी राजकुमारी ने भी उसके साथ मारपीट की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने मामले की पुष्टि की है। संवाद