सुंदरनगर (मंडी)। धर्मशाला से दिल्ली तक निकाली जा रही ब्लैक हैट (काली टोपी) पदयात्रा सोमवार को सुंदरनगर पहुंची। यहां स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ पदयात्रियों का स्वागत किया। कृष्ण चंद और दुर्गा दत्त के नेतृत्व में एकजुट स्थानीय लोगों ने तिब्बती युवाओं के इस संघर्ष को अपना समर्थन दिया और उनके साहस की सराहना की। तिब्बती युवा कांग्रेस के बैनर तले आयोजित यह यात्रा चीन की ओर से तिब्बत पर किए गए अवैध कब्जे और वहां की मूल पहचान को मिटाने की कोशिशों के खिलाफ एक निर्णायक विरोध प्रदर्शन है। यात्रा में शामिल युवाओं ने बताया कि पदयात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि किस तरह जातीय एकता कानून और औपनिवेशिक बोर्डिंग स्कूलों जैसी नीतियों के जरिये तिब्बती भाषा और संस्कृति का व्यवस्थित विनाश किया जा रहा है। संवाद