डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर हुआ कार्यक्रम
धड़ोग से निकाली बाइक रैली और शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में चंबा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आंबेडकर मिशन सोसायटी की ओर से चौगान नंबर-2 में विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। मोहल्ला धड़ोग से युवाओं ने बाइक रैली और विभिन्न संस्थाओं के लोगों ने शोभायात्रा निकाली। यह रैली धड़ोग से शुरू हुई और पूरे शहर का चक्कर काटकर चौगान नंबर दो में समाप्त हुई। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय परिसर के पास पार्क में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को मुख्य अतिथि सदर विधायक नीरज नैयर ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर मिशन सोसायटी, आंबेडकर यूथ क्लब, भीमा बाई महिला मंडल, गुरु रविदास सभा और अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन हो सका।