मंडी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मंडी जिले में तीन उचित मूल्य की दुकानों का आवंटन किया जाएगा। इसके लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 दिसंबर निर्धारित की गई है। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत लंगेहड़ के गांव द्रुमण वार्ड नंबर-2, गोपालपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत कोट के गांव जोल मरही वार्ड नंबर-7 और बल्ह विकास खंड की ग्राम पंचायत बैहल के गांव सैहल धरवाहण वार्ड नंबर-4 में उचित मूल्य की दुकानें आवंटित की जानी हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां अपलोड करना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंडी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। संवाद