धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर काॅलेज में एक से 19 जून तक सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ होगी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे प्रवेश लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस वर्ष से प्रदेश सरकार ने प्रथम वर्ष में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रथम वर्ष से ही सेमेस्टर प्रणाली प्रभावी होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विषयों के चयन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके तहत सभी छात्र-छात्राओं को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट के साथ-साथ एकडेमिक बैंक ऑफ क्रेडिट की सुविधा भी मिलेगी। कॉलेज में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों में स्नातक स्तर की शिक्षा संचालित की जा रही है। प्राचार्य डॉ. रमेश धलारिया ने बताया कि संस्थान राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से बी ग्रेड प्राप्त एक प्रतिष्ठित एवं मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान है। उन्होंने अभिभावकों से विशेष अपील की है कि अभिभावक अपने बच्चों को इस संस्थान में प्रवेश दिलाकर उनके बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रखें। संवाद