धर्मपुर (मंडी)। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मंडी डॉ. मदन कुमार ने बुधवार को पाच्ड़छू पुल के समीप जलभराव के कारण उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने मौजूदा स्थिति की समीक्षा भी की। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का निर्माण कार्य कर रही संबंधित कंपनी को 7 दिन में स्थल से अतिरिक्त मलबा हटाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक व अन्य संबंधित अधिकारी 24 घंटे निरंतर निगरानी बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी को अगले 24 घंटे में पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। कंपनी को मशीनरी सहित अन्य उपकरणों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल, एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा, डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद, मॉर्थ के अभियंता तन्मय व अन्य मौजूद रहे।