अदालत ने मंगलवार तक पुलिस रिमांड पर भेजे
चोरी की वारदातों में संलिप्तता को लेकर गहनता से हो रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। जल शक्ति विभाग के ठेकेदार के बनायक स्थित स्टोर से सामान चोरी करने के मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुंदरनगर थाना पुलिस ने चोरी में संलिप्त दो आरोपियों को मंडी के भ्यूली से हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया है। अदालत में पेश करने पर दोनों आरोपियों को मंगलवार तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर भी गहनता से पूछताछ की जा रही रही है। बता दें कि जल शक्ति विभाग में कार्य कर रही मैसर्ज हरजीत सिंह ठेकेदार की फर्म के स्टोर से शुक्रवार 28 जून को चोरों ने सेंध लगाकर वहां से जीआई पाइप के सॉकेट के 8 कट्टे और 150 एमएम पाइप वेंडिंग मशीन के दो फ्लैप और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। केस दर्ज होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर मामले में संलिप्त दो चोरों चेतन कुमार (33) और बब्बा (20) को मंडी के भ्यूली से हिरासत में ले लिया है और उनसे चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। डीएसपी भारत भूषण ने दोनों चोरों को मंगलवार तक पुलिस रिमांड में भेजने की पुष्टि की है।