आज नष्ट किए जाएंगे जब्त किए गए सभी फलदार पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक(मंडी)। बल्ह क्षेत्र में पिछले दिनाें हुई बागवानों से धोखाधड़ी के मामले में विभाग ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। ये कमेटी बागवानों से हुई इस ठगी के मामले की जांच करेगी। उद्यान विभाग के उपनिदेशक के आदेश के बाद इस कमेटी का गठन किया गया है। इसमें उद्यान विकास अधिकारी शिवानी, सहायक उद्यान विकास अधिकारी दीनानाथ सैनी, एसएमएस राजेंद्र को शामिल किया गया है। ये सभी इस मामले की जांच करेंगे। उधर, जब्त किए गए पौधों को भी जलाने के आदेश दिए गए हैं, जिन्हें मंगलवार को जलाया जाएगा। उधर, टीम ने उन सभी बागवानों से आग्रह किया है कि वे पुलिस में अपने साथ हुई ठगी का मामला दर्ज करवाएं। इस बारे में उद्यान विभाग के उपनिदेशक संजय गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच को कमेटी बनाई गई है और जब्त पौधों को भी नष्ट किया जाएगा। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया है कि इस प्रकार से वे किसी के भी झांसे में न आएं।