सरकाघाट (मंडी)। बाबा नांगा की पवित्र धरा स्थित शिव मंदिर सरकाघाट में 21 अक्तूबर को हिमाचल संस्कृत अकादमी के सौजन्य से एक दिवसीय संस्कृत छात्र विद्वत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे शुरू होने वाला यह कार्यक्रम अकादमी के राज्य सचिव डॉ. प्रवीण कुमार विमल के नेतृत्व और कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर की अध्यक्षता में होगा। सम्मेलन में आसपास के क्षेत्रों से अनेक संस्कृत विद्वान और शोधार्थी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान संस्कृत विषय पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं, कार्यशाला, कवि संगोष्ठी और परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही संस्कृत भाषा और साहित्य के संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। अकादमी का राज्य सचिव बनने के उपरांत डॉ. प्रवीण कुमार विमल अपने गृह क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर के कार्यक्रम का आयोजन करवा रहे हैं। संवाद