जोगिंद्रनगर (मंडी)। मोदी सरकार की ओर से पेश पहले रेल बजट में हिमाचल को इस बार भी रेड सिगनल ही मिला है। जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेल लाइन के विस्तार के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया है। व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर के प्रधान रमेश सूद का कहना है कि जोगिंद्रनगर-पठानकोट ट्रेन के ब्राडगेज और नवीनीकरण करने से जहां क्षेत्र में जनता को आने जाने की सुविधा मिलती है, वहीं जनता को ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा भी उपलब्ध होनी थी। बजट में इस रेल लाइन का कोई जिक्र नहीं किया गया। जोगिंद्रनगर के समाजसेवी दुनीचंद राठौर का कहना है कि जोगिंद्रनगर-पठानकोट ट्रेन के ब्राडगेज और इसके नवीनीकरण से जहां प्रदेश में पर्यटन की दृष्टि से यह रेल अहम रोल अदा करती है, वहीं पर इससे क्षेत्र की गरीब जनता को भी रोजगार के साधन उपलब्ध होने थे। भारतीय जीवन बीमा निगम अभिकर्ता संगठन हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि जनता को मोदी सरकार से बहुत उम्मीदें थी। लेकिन रेल विस्तार पर साधी गई चुप्पी से जनता में मायूसी है। प्रदेश में रेलवे विस्तार प्रदेश की भाग्य रेखा है। चौहारघाटी के समाजसेवी वामनदेव ठाकुर ने भी कहा कि देश सुरक्षा और पर्यटन की दृष्टि से अहम रोल अदा करने वाली जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेल के विस्तारीकरण और नवीनीकरण का मामला अटक जाने से प्रदेश की जनता को मायूसी ही हाथ लगी है।