सरकाघाट (मंडी)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मढ़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मढ़ी के इस आंदोलन को किसान सभा गोपालपुर इकाई की ओर से समर्थन देने का ऐलान किया गया है। किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में सरकाघाट में आयोजित बैठक में इस बारे निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस आंदोलन को एक माह बीत जाने के बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से मांगें नहीं मानी गई। किसान सभा ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते मांगों को पूरा नहीं किया गया तो गोपालपुर और धर्मपुर के विधायकों समेत अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। किसान सभा गोपालपुर कमेटी के प्रधान बख्शी राम ने कहा कि इस आंदोलन को कामयाब बनाने के लिए समर्थन दिया जाएगा। वहीं, 10 मई को बीएमओ संधोल के कार्यालय का घेेराव तथा स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री के पुतले फूंकने के प्रदर्शन में भी भारी संख्या में लोग शामिल होंगे। इधर, क्षेत्र की नौ पंचायतों की ओर से गठित संघर्ष समिति की भूख हड़ताल सोमवार को 28वें दिन में प्रवेश कर गई। सोमवार को भूख हड़ताल पर बैठने वालों में एसएफआई सरकाघाट और धर्मपुर इकाई के नेता हरीश ,जीवन लाल और रणजीत सिंह शामिल हैं।