पंडोह (मंडी)। पुलिस ने नाके के दौरान 250 चरस के साथ एक अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। रविवार को पंडोह पुलिस की टीम ने एनएच-21 पर सुक्की बाईं के पास नाका लगा रखा था। तभी पंडोह की ओर से एक अधेड़ व्यक्ति मंडी की ओर जा रहा था। लेकिन उक्त व्यक्ति ने जैसे ही पुलिस को देखा वह पीछे की ओर भागने लगा। पुलिस को शक हुआ और पीछा कर व्यक्ति को पकड़ कर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान व्यक्ति के कैरी बैग से बत्तीनुमा 250 ग्राम चरस बरामद की गई। पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त रूप चंद पुत्र नानकू गांव ग्राम व डाकघर शिलबधाण, तहसील और थाना पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी अभिषेक दुल्लर ने बताया कि आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।