एसडीएम करसोग को ज्ञापन सौंपते संघर्ष समिति करसोग के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
करसोग (मंडी)। पॉलीटेक्निक कॉलेज की अधिसूचना रद्द होने से उग्र क्षेत्र के लोगों ने शुक्रवार को चुराग में संघर्ष समिति करसोग के बैनर तले सीएम का पुतला जलाने की नाकाम कोशिश की। भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते प्रदर्शनकारी यहां पर पुतला नहीं जला सके। प्रदर्शन के बाद समिति के बैनर तले लोगों ने एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया। संघर्ष समिति करसोग ने 30 मार्च से 2 अप्रैल तक करसोग में जगह-जगह मुख्यमंत्री के पुतले फूंकने का फैसला लिया था। इसके चलते शुक्रवार को चुराग में संघर्ष समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास तो किया लेकिन, पुलिस बल ने कोशिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद एसडीएम कार्यालय करसोग में एसडीएम और डीएसपी के साथ समिति पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक के बाद संघर्ष समिति ने एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द पॉलीटेक्निक कॉलेज खोलने की अधिसूचना को प्रदेश सरकार को बहाल कर देना चाहिए। यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो 21 अप्रैल को विशाल प्रदर्शन किया जाएगा और इसके लिए प्रशासन और सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार होगी। इस मौके पर समिति के संयोजक श्याम सिंह चौहान और गोपाल कृष्ण उपस्थित रहे। एसडीएम करसोग अपूर्व देवगन ने कहा कि संघर्ष समिति की मांगें सरकार को प्रेषित की जाएंगी। उधर, डीएसपी करसोग अरुण मोदी ने कहा कि संघर्ष समिति द्वारा मुख्यमंत्री के पुतले को जलाने की कोशिश की गई लेकिन, कोश्शि को नाकाम कर दिया गया।