सुंदरनगर (मंडी)। ललित चौक पर निजी बस के परिचालक की ओर से लोकल सवारियों के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें बस से उतारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर बस मालिक ने वीडियो बनाने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता को फोन कर धमकाने के साथ उसे सावधान रहने की धमकी दी है। जिससे परिषद के कार्यकर्ता भड़क उठे हैं। उन्होंने सुंदरनगर थाने में बस मालिक के खिलाफ धमकाने की शिकायत दर्ज करा दी है। गौर हो कि सरकारी और निजी बस चालकों और परिचालकों द्वारा स्थानीय कालेजों और स्कूलों के छात्रों को बस में नहीं बैठाया जाता है। जिस कारण उनमें भारी रोष है। वीरवार को ललित चौक में ऐसे ही एक मामले में परिषद के एक कार्यकर्ता ने निजी बस के परिचालक का लोकल सवारियों से दुर्व्यवहार करने का वीडियो बना उसे सोशल मीडिया पर लोड कर दिया था। जो थोड़ी ही देर में पूरे क्षेत्र में वायरल हो गया और स्थानीय लोग निजी बस चालकों और परिचालकों के रवैये पर कड़े कटाक्ष कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। दूसरी ओर दोपहर बाद परिषद ने इस मामले को लेकर बस स्टैंड पर भी जोरदार प्रदर्शन किया था। सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद बस का मालिक अपने चालक-परिचालक को समझाने के बजाये वीडियो बनाने वाले युवक को ही फोन पर धमकाने लगा। उसने इसका खामियाजा भुगतने और सावधान रहने की धमकी दी। जिस पर परिषद के कार्यकर्ता ने इस मामले से अपने संगठन को भी अवगत कराया। जिसके बाद परिषद के तहसील अध्यक्ष सचिन कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निजी बस मालिक के खिलाफ थाना में शिकायत सौंप कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने निजी बस चालक के खिलाफ धमकी देने की शिकायत मिलने की पुष्टि की है। इधर, तहसील अध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्थानीय विधायक राकेश जम्वाल को भी इस घटना से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर निजी बस मालिक गुंडागर्दी दिखाएंगे तो परिषद भी चुप नहीं बैठेगी।