सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यहां हराबाग के निकट एक तेज रफ्तार बाइक चालक अनियंत्रित होकर सड़क में जा गिरा। हादसे में युवक के दोनों हाथों और शरीर में कई स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में लाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पंकज कुमार (22) पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी धार बटोह जिला बिलासपुर बाइक में सवार होकर सुंदरनगर से सलापड़ की ओर जा रहा था। इस दौरान जब वह सोमवार रात करीब 7 बजे हराबाग के निकट पहुंचा तो उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक के घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने की अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। इसके उपरांत पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर युवक का मेडिकल करवाया है। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।