मंडी। दिव्यांगों और वृद्धजनों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए टैक्सी और ऑटो चालक निशुल्क सेवाएं देंगे। देव भूमि टैक्सी और ऑटो यूनियन ने उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलकर पेशकश की है कि मतदान के दिन 19 मई को यदि कोई दिव्यांग या वृद्ध मतदान केंद्र तक जाने के लिए सेवाएं चाहेगा तो उसे निशुल्क सेवाएं दी जाएंगी। टैक्सी यूनियन के प्रधान प्रेम सिंह और ऑटो यूनियन के प्रधान जसवंत सिंह की अगुवाई में मिले प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से कहा कि लोकतंत्र के इस महा उत्सव में वे भी अपना योगदान देना चाहते हैं। ऐसे में यदि किसी दिव्यांग या वृद्ध को ऐसा लगे कि उसे मतदान केंद्र तक जाना है मगर वह बिना किसी वाहन के जा नहीं पा रहा है तो टैक्सी और ऑटो की सेवा निशुल्क दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि वह इस बारे में सूचित कर दें तो उसी जगह पर सेवाएं दे दी जाएंगी, जहां भी जरूरत होगी। यूनियन ने अपने सभी ऑपरेटरों से अनुरोध किया है कि वे मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में अपना योगदान दें। उपायुक्त ने इस पहल की प्रशंसा की और जरूरत पड़ने पर सेवाएं लेने की बात कही।
000