जोगिंद्रनगर (मंडी)। प्राथमिक शिक्षक संघ द्रंग प्रथम की बैठक रविवार को जोगिंद्रनगर में हुई। इसमें संघ के पदाधिकारियों और सैकड़ों अध्यापकों ने राजनीतिक दलों को चेताया कि जो दल उनकी मांगों को पूरा करेगा, उसी को वोट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो दल पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली करवाएगा, उसी दल के उम्मीदवार को मतदान किया जाएगा। संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अतुल लखनपाल का कहना है कि वर्ष 2004 से प्रदेश और देश में लागू नई पेंशन योजना एनपीएस से देश के लाखों और प्रदेश के लगभग 20 हजार से अधिक शिक्षकों के अधिकारों का हनन किया गया है। संघ ने कहा कि लोकसभा चुनावों में अध्यापकों की इस अहम मांग को जो उम्मीदवार पूरा करने का लिखित आश्वासन देगा उसी के पक्ष में मतदान का समर्थन किया जाएगा। इस मौके पर संघ ने कार्यकारिणी का भी गठन किया। इसमें सर्वसहमति से खंड स्तरीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष अतुल लखनपाल को दूसरी बार अध्यक्ष चुना गया। बलदेव सिंह को महासचिव, जगदीश चंद को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ महिला विंग में केंद्रीय मुख्य शिक्षिका सरला रानी को अध्यक्ष, रंजना कटोच को उपाध्यक्ष और अंजना ठाकुर को महासचिव चुना गया। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के अशोक, करण ठाकुर, राजमल, अशोक, मौजी राम, योग राज, रमेश, बलबीर, अंजना, रीता शर्मा, नरेंद्र सहित 84 पाठशाला के अध्यापक मौजूद रहे।
000