मंडी। जोनल अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में परिवार नियोजन के ऑपरेशन के दौरान बड़ी लापरवाही उजागर होने के बाद अब सीएमओ मंडी डॉ. जीवानंद चौहान ने जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट आगामी कार्रवाई के लिए प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी। मामला उजागर होने के बाद ऑपरेशन थियेटर में कार्बन डाईऑक्साइड गैस खत्म होने की जिम्मेदारी कोई लेने को तैयार नहीं है। इस मामले में एमएस डॉ. केएस मल्होत्रा और सीएमओ डॉ. जीवानंद चौहान आमने सामने हैं। दोनों जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं। एमएस कार्यक्रम सीएमओ के अधीन होने का तर्क दे रहे हैं, जबकि सीएमओ इस संबंध में पहले से जानकारी न देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में अब गैस खत्म होने के लिए कौन जिम्मेदार है, यह बड़ा सवाल सामने आ रहा है। शुक्रवार शाम मामला संज्ञान में आने के बाद आनन-फानन में ऑपरेशन थियेटर में गैस मुहैया करवाई गई और रात्रि दस बजे सभी ऑपरेशन किए गए। इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जांच की बात तो की जा रही है, लेकिन अभी भी जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है। शुक्रवार शाम को जोनल अस्पताल के ओटी में कार्बन डाईआक्साइड खत्म होने से एक ऑपरेशन बीच में ही रोकना पड़ा जबकि करीब 35 अन्य ऑपरेशन लटक गए। इस बारे में एमएस डॉ. केएल मल्होत्रा ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम सीएमओ कार्यालय के अधीन है। एमएस कार्यालय से स्टाफ मुहैया करवाया जाता है। बाकी मशीन, कार्बन डाईऑक्साइड और दवाइयों का प्रबंध सीएमओ कार्यालय से होता है। वहीं, सीएमओ डॉ. जीवानंद चौहान ने बताया कि मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। गैस मुहैया करवा शुक्रवार देर रात को सभी ऑपरेशन करवाए गए हैं। ऑपरेशन थियेटर में गैस उपलब्ध करवाना जोनल अस्पताल के एमएस का काम है।
000