मेले के बाद महिलाओं ने हटाया कूड़ा कचरा
नेरचौक (मंडी)। देव श्री माहूंनाग मेला समाप्त होने के बाद हाटेश्वरी महिला मंडल पाली की महिलाओं ने मेला ग्राउंड से कूड़े का निपटान किया। इस दौरान उन्होंने पॉलिथीन को कूड़े से अलग करके रखा, ताकि इसे सरकार के आदेशानुसार सड़कों पर कोलतार बनाने के लिए प्रयोग किया जा सके। मेला कमेटी अध्यक्ष रमेश यादव ने भी इस कार्य में महिला मंडल का साथ दिया। इस बारे में विकास खंड अधिकारी डॉ. बशीर खान ने महिला मंडल की प्रशंसा की और कहा कि हाटेश्वरी महिला मंडल ने मेले के बाद जो स्वच्छता का कार्य किया है, वह बहुत ही सराहनीय है। इससे लोगों को बड़ी सीख मिलती है और लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक हुए हैं।