मंडी। ग्राम स्वराज अभियान के तहत ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने सेरी मंच से दो उजाला मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत एलईडी बल्ब वितरित करने के साथ-साथ हर घर को बिजली का कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाना है। अभियान 5 मई तक जारी रहेगा। योजना के तहत कोई भी घर बिजली के बगैर न रहे, इसके लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश में 93 गांव चुने हैं। जहां रियायती दरों पर एलईडी बल्ब वितरित किए जाएंगे। वहीं इन गांवों में शेष बचे सभी घरों को बिजली का कनेक्शन दिया जाएगा। जिसमें बीपीएल को मुफ्त तथा अन्य को 500 रुपये 10 आसान किस्तों में भुगतान करना होगा। योजना के लिए 85 प्रतिशत की अनुदान राशि दी जाएगी तथा ग्रामीण विद्युतीकरण निगम को इस योजना को पूर्ण करने के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस अवसर पर एसडीएम सदर मदन चौहान, अधिकारियों और अन्य में पीएल मासूम, एके खनूटिया, मनोज पुरी, प्रदीप ठाकुर, नारायण सिंह गुलेरिया, धर्मपाल ठाकुर, पुष्पराज कात्यायन, अजीत कपूर, कमल राणा, हिमांशु आदि मौजूद रहे।