करसोग (मंडी)। बहुतकनीकी कॉलेज संघर्ष समिति ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। समिति के सदस्यों ने बाद में एसडीएम करसोग के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि 4 अक्तूबर 2017 को बहुतकनीकी कॉलेज का शिलान्यास किया था लेकिन, वर्तमान सरकार ने 12 मार्च 2018 को इस कालेज की अधिसूचना को रद्द कर दिया, जिससे करसोग की जनता आहत हुई है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस कालेज की अधिसूचना को जल्द बहाल नहीं किया गया तो 25 मार्च को बैठक बुलाई जाएगी। इसमें संघर्ष समिति आगामी रूपरेखा तैयार करेगी व सभी लोगों को लामबंद करके सड़कों पर उतारा जाएगा। इस मौके पर श्याम सिंह चौहान, मीरा शर्मा, किशोरी लाल, गोपाल शर्मा ने अपने-अपने विचार रखते हुए वर्तमान सरकार को कोसा। उन्होंने कहा कि करसोग की जनता के साथ यह अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।