गोहर (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र के गुनास में चार कमरों की एक संयुक्त गोशाला जलकर राख हो गई। इससे करीब पचास हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। प्रशासन की तरफ से दो हजार रुपये फौरी राहत प्रदान कर दी गई है। जानकारी के अनुसार दोपहर बाद गुनास में एक संयुक्त गोशाला में आग लग गई। धुआं देखकर आसपास के ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाने की कोशिश की परंतु आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते गोशाला राख हो गई। उसमें बंधे मवेशियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उधर, घटना की पुष्टि एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन ने की। उन्होंने बताया पीड़ित परिवार को दो हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी गई है।