जोगिंद्रनगर (मंडी)। रामलीला मैदान में श्रीराम कला मंच के तत्वावधान से आयोजित श्रीरामलीला मंचन के छठे दिन सीता हरण, पक्षी राज जटायु का वध और प्रभु श्रीराम के प्रियभक्त हनुमान के मिलन के मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए गए। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में दर्शकों का जन सैलाब उमड़ा। रामलीला में ऋषिमुख पर्वत पर प्रभु श्रीराम का हनुमान के साथ मिलन रामलीला का मुख्य आकर्षण रहा। इससे पहले लंकापति रावण के द्वारा माता सीता के हरण पर कलाकारों के द्वारा प्रस्तुत किए गए दृश्य बेहद मनमोहक रहे। सीता हरण के दौरान पक्षीराज जटायु और रावण में जबरदस्त युद्ध हुआ। जटायु ने अंतिम क्षण तक रावण को रोकने का प्रयत्न किया मगर रावण को नहीं रोक पाया। रामलीला में लडभड़ोल क्षेत्र के दलेड़ वार्ड के जिला परिषद सदस्य संजीव शर्मा तथा श्रीराम कृष्ण आश्रम संचालक राम मोहन दास रामायणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने श्रीराम कलामंच के कलाकारों को सफल आयोजन पर बधाई दी और आर्थिक सहायता भी प्रदान की। 19 अक्तूबर को रामलीला मैदान में दशहरा उत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस दिन स्थानीय विधायक प्रकाश राणा बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर श्रीराम कला मंच के कलाकारों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर राजीव शर्मा, सचिन मरवाह, हरीश सोनी, अमित शर्मा, कमल सूद, विवेक वालिया, विष्णु शर्मा, पुनीत भारद्वाज, राजेश भंगालिया आदि मौजूद रहे।
000