थुनाग/गोहर/बालीचौकी (मंडी)। सीएम जयराम ठाकुर के सराज दौरे को लेकर शुक्रवार को भाटलुधार हैलीपेड पर चौपर की ट्रायल लैंडिंग नहीं हो सकी। भाटलुधार में हैलीपेड का निर्माण कर दिया गया था मगर शिमला से आया चौपर भाटलुधार हैलीपेड पर नहीं उतर सका और वापस शिमला लौट गया। सीएम जयराम ठाकुर अब जनमंच कार्यक्रम के लिए हवाई मार्ग से भुंतर आएंगे और वहां से सड़क मार्ग से सीएम का काफिला पंजाईं पहुंचेगा। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं ने भाटलुधार हैलीपेड पर सीएम के चौपर की ट्रायल लैंडिंग करवानी चाही मगर हैलीपेड का दायरा कम होने से पायलट ने चौपर की लैंडिंग नहीं की। पंजाईं में सात अक्तूबर को जनमंच कार्यक्रम हैं। इसमें मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे। जनमंच कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंडी जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। सीएम के साथ शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी जनमंच कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। जनमंच में बालीचौकी, खणी, देवधार थाची, सोमगाड, पंजाईं, भनवास, मुराह, काऊ, खलवाहण, माणी एवं सराज की जनता शिरकत करने जा रही है।