बलद्वाड़ा (मंडी)। ईराक के मोसूल में मारे गए भारतीयों के परिवारों को नौकरी देने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह के बयान पर प्रदेश ऑनरेरी कमीशन ऑफिसर एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन जगदीश वर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। उन्होंने कहा था कि नौकरी देना कोई फुटबाल मैच नहीं है। मोदी सरकार की नीतियों पर रोष जताते हुए कहा कि 56 इंच का सीना दिखाने वाले प्रधानमंत्री और उनके किसी भी नुमाइंदे ने आज तक 39 बेकसूर लोगों को मारने वालों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की है। पीएम ने छोटे से देश इजराइल से भी सबक नहीं लिया। भारत को भी आईएस के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए ताकि, उन बेकसूर पीड़ित परिवारों को राहत मिले जिनके बच्चों की इन आतंकियों ने निर्मम हत्या कर दी। दुख की बात है कि भारत इजराइल जैसे देशों से व्यापार तो बढ़ा रहा है और उनसे आधुनिक हथियार भी खरीद रहा है लेकिन, इन देशों से सबक नहीं लेता।