मंडी/चैलचौक । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षा में नकल के नौ मामले पकड़े गए है। इंस्पेक्शन कैडर मंडी और बोर्ड के उड़नदस्तों ने धर्मपुर और करसोग के सरकारी स्कूलों में तीन विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा है। जबकि, एसडीएम गोहर ने भी क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में छह विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा है। एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नकल करते पकड़े गए छात्र छात्राओं के यूएमसी केस बना दिए गए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य ने परीक्षा केंद्र के अधीक्षक और स्टाफ को ड्यूटी से हटा दिया है और स्कूल में तुरंत सीसीटीवी लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक मंडी अशोक शर्मा ने कहा कि करसोग क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में दो विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा गया है। वहीं, इंस्पेक्शन कैडर मंडी के उपनिदेशक मोहन लाल ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में भी एक सरकारी स्कूल में एक विद्यार्थी को नकल करते पकड़ा गया है।