सांसद और विधायक से मिले फोरलेन प्रभावित
मुआवजे की मांग पर सीएम से वार्ता की मांग
प्रभावितों ने सांसद रामस्वरूप को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नगवाईं (मंडी)। नागचला से मनाली फोरलेन निर्माण के लिए भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया में भू-अधिग्रहण कानून 2013 के प्रावधानों की निरंतर जारी अवहेलना के बीच प्रभावित भड़क गए हैं। प्रभावितों को नई सरकार से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। लेकिन, अभी तक प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार की ओर से इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। प्रभावित 2015 में फोरलेन की प्रक्रिया होने के साथ से ही पुनर्वास और पुनर्स्थापना तथा चार गुना मुआवजे के मुद्दे पर सरकार को घेरते रहे हैं। वहीं, भाजपा ने भी चार गुना मुआवजे को अपने विजन डॉक्यूमेंट में रखा है। प्रभावित इन मुद्दों पर सरकार और आला अधिकारियों से औपचारिक बैठक चाहते हैं, जिससे सभी मुद्दों पर पैदा मतभेदों को सुलझाया जा सके। इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रभावितों ने फोरलेन संघर्ष समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के नेतृत्व में झीड़ी किसान भवन में मंडी के सांसद रामस्वरूप और द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर फोरलेन संघर्ष समिति के महासचिव ब्रजेश महंत, कोषाध्यक्ष मंगत राम शर्मा, वरिष्ठ सलाहकार जयकिशन शर्मा, भगत राम वर्मा, वीरी सिंह, नारायण नेगी, दीनानाथ, चांद शर्मा, प्रोमिला शर्मा, पुने राम, रेवत राम सहित दर्जनों प्रभावित शामिल रहे। प्रभावितों ने सांसद और विधायक को सौंपे ज्ञापन में मांग उठाते हुए कहा कि जनता से हो रहे अन्याय को रोकने के प्रयास किए जाएं, जिसके लिए सभी संवैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित हो। प्रभावितों की मांग पर सांसद रामस्वरूप शर्मा और विधायक जवाहर ठाकुर ने सीएम से बैठक का आश्वासन दिया है।