बिंदर ठाकुर
गोहर (मंडी)। उद्यान विभाग के सेब बगीचे अब विदेशी सेब की खुशबू महकेंगे। मंडी जिला बागवानी विभाग ने गोहर स्थित अपने फल संतति एवं प्रदर्शन उद्यान केंद्र नलहास में सेब की पुरानी प्रजातियों को हटाकर विदेशों से आयात नई प्रजातियां लगाने की तैयारी कर दी है। बागवानी विभाग ने अपने प्रदर्शन उद्यान केंद्रों को हाईटेक करने का बीड़ा उठाया है। विभाग के बगीचों में सेब की नई विदेशी प्रजातियां लगने से आसपास के हजारों बागवानों को भी इसका लाभ मिलेगा। फल संतति एवं प्रदर्शन उद्यान केंद्र नलहास में महकमा विदेशों से आयात सेब की सुपर चीफ, गेल गाला, ओ माइन, रेड कोन और गोल्डन स्पर जैसी विदेशी प्रजातियों को लगाने जा रहा है। यह सभी प्रजातियां विभाग के उद्यान प्रदर्शन केंद्र में रूट स्टाक पर लगेंगी, जिससे विभाग का सेब बगीचा विदेशी सेब से महकेगा। उद्यान विभाग के जिला उपनिदेशक अमर प्रकाश कपूर ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि नलहास उद्यान प्रदर्शन केंद्र में विदेशी सेब के 1126 पौधों का आधुनिक सेब बगीचा लगाया जाएगा। कपूर ने कहा कि क्षेत्र के सेब बागवानों को भी इस प्रकार के बगीचों को लगाने के लिए जिले में प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नलहास प्रदर्शन केंद्र में पुराने सेब के पौधों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उद्यान विकास अधिकारी गोहर डॉ. चिंतराम ठाकुर ने बताया कि नलहास प्रदर्शन केंद्र क्षेत्र के बागवानों को आधुनिक बागवानी के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। नाचन फ्रूट ग्रोवर एसोसिएशन के प्रधान बीके ठाकुर ने विभाग की इस पहल का स्वागत किया है। बागवानों लाभ सिंह ठाकुर, मनोज कुमार, भीम सिंह, चंद्रमणी, देवेंद्र ठाकुर, मनीष कुमार और गोपाल सिंह ने बताया कि विभाग बागवानों को भी विदेशी प्रजातियां लगाने के लिए प्रोत्साहित करे।