अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहरी क्षेत्र में जिनका अभी पक्का मकान नहीं बना है, उनके लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना सबके लिए पक्का घर 2022 के तहत शहरी क्षेत्र में कच्चे मकान वालों को केंद्र और प्रदेश सरकार के माध्यम से न केवल अनुदान प्राप्त होगा, साथ ही बहुत कम दर पर ऋण भी मिलेगा। इस योजना को साकार करने के उद्देश्य से एक निजी कंपनी इन दिनों जोगिंद्रनगर के तमाम वार्डों में सर्वेक्षण कर रही है। कंपनी के प्रतिनिधि देवाशीष बासु के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम की ओर से तमाम वार्डों में सर्वेक्षण किया जा रहा है और इस योजना को साकार करने के लिए लोगों का मार्गदर्शन भी किया जाएगा। टीम के सदस्यों द्वारा वार्डों के पार्षदों के साथ बैठक की गई और पार्षदों को इस योजना तथा इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों के संदर्भ में अवगत करवाया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में कच्चा मकान वाले जिनकी वार्षिक आमदन 3 लाख रुपये तक की है, को पक्का घर बनाने के लिए 1 लाख 65 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। इसमें से 1 लाख 50 हजार रुपये केंद्र और 15 हजार रुपये प्रदेश सरकार के माध्यम से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रार्थी ऋण लेना चाहे तो उसे 3 लाख रुपये तक का ऋण 20 वर्ष के लिए 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर मिलेगा। लेकिन ऋण या अनुदान में से एक ही लिया जा सकता हैं। जबकि, 3 लाख रुपये से अधिक आय वाला पात्र व्यक्ति 6 लाख रुपये तक का ऋण 20 वर्ष के लिए 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर ले सकता है। इस योजना के तहत पात्र व्यक्ति एक बेडरूम, एक डाइनिंग, एक किचन और एक टायलट तथा बाथरूम बना सकता है। यह टीम पार्षदों के साथ वार्डों में जाकर कच्चे मकानों का अवलोकन कर अपनी रिपोर्ट को आगे प्रेषित करेगी।