मंडी। पंजाब के जीरकपुर में राइफल एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी के सार्थक लखनपाल ने हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत और कांस्य पदक जीत कर जिला का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में लखनपाल ने एयर राइफल पोंप साइट 10 मीटर 177 में 352 अंक प्राप्त करके रजत पदक और एयर पिस्टल 10 मीटर 177 में कांस्य पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देश भर से आए शूटरों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लखनपाल के डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सार्थक डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी में आठवीं कक्षा में पढ़ता है और इस उम्र में इस तरह की उपलब्धि पाना उसके लिए नया कारनामा है। यह शूटर जिला के बनेहरड़ी के अंतर्राष्ट्रीय एथलीट व कोच अजय लखनपाल और बंदना लखनपाल का बेटा है। सार्थक लखनपाल अपने ताया संजीव लखनपाल को बेहद करीब मानते हैं, जो पुलिस विभाग में एएसपी वार्डर चंबा में कार्यरत हैं। सार्थक की इस कामयाबी से डीएवी स्कूल प्रबंधन व गांव में खुशी की लहर है। सार्थक ने बताया कि कड़ी मेहनत करके हिमाचल प्रदेश व देश के लिए खेलना चाहता है। इसके अतिरिक्त एशियन गेम्स और ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहता है और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना चाहता है।