अमर उजाला ब्यूरो, जंजैहली (मंडी)। सराजघाटी के थुनाग में मनाए जाने वाले सराज दीप उत्सव मेले की तैयारियां मेला कमेटी ने शुरू कर दी हैं। एसडीएम जंजैहली 18 अक्तूबर को मेले का शुभारंभ करेंगे। ग्राम पंचायत थुनाग की प्रधान नीलमा ठाकुर ने व्यापार मंडल थुनाग के साथ यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि इस बार का यह मेला 5 दिन का होगा। इससे पहले सराज दीप उत्सव 4 दिन मनाया जाता था, जो कि दिवाली के दिन से शुरू होता था। इस बार यह मेला दिवाली के एक दिन पूर्व 18 अक्तूबर से मनाया जाएगा, जोकि 18 अक्तूबर से 22 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। मेले में स्टाल आवंटन प्रक्रिया 15 अक्तूबर से शुरू हो जाएगी। इस बार मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन करवाया जा रहा है। इसके अलावा मेले में अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी, जिसमें ओपन वॉलीबाल प्रतियोगिता, कबड्डी, रस्साकशी, मटका फोड़ आदि शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में महिला और पुरुष दोनों ही भाग ले सकते हैं। वॉयस ऑफ सराज प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। पंचायत थुनाग की प्रधान ने बताया कि रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जो भी कलाकार भाग लेना चाहते हैं, वह 16 अक्तूबर से पहले अपने आवेदन मेला कमेटी को सौंप दें। बैठक में व्यापार मंडल थुनाग के प्रधान शेर सिंह, सचिव जयराम चौहान, लीलमणी, ललित कुमार प्रेस सचिव गगन ठाकुर भी मौजूद रहे।