मंडी। सीटू की अखिल भारतीय कमेटी के आह्वान पर मंडी जिला कमेटी ने वीरवार को मंडी में विरोध प्रदर्शन किया। सीटू पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की निंदा की है। सीटू के सचिव राजेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने डिपुओं में मिलने वाली चीनी पर सब्सिडी खत्म कर दी है। स्वास्थ्य व शिक्षा पर किए जाने वाले खर्च में कटौती कर दी है। इसके साथ ही ईपीएफ पर ब्याज में कटौती कर दी गई। मजदूरों का ईपीएफ पहले 12 प्रतिशत कटता था जो अब 10 प्रतिशत पर लाने की कोशिश की जा रही है। केंद्र सरकार की ओर से मजदूरों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। सीटू जिला इकाई ने मांग की है कि सरकार मजदूरों के अधिकारों पर हमले बंद करे और मनरेगा के बजट में पर्याप्त वृद्धि की जाए, ताकि 100 दिन का काम सुनिश्चित किया जाए। अन्यथा सीटू संघर्ष को और तेज करेगी। इस अवसर पर सीटू सचिव राजेश शर्मा, उपप्रधान परस राम, गोपेंद्र शर्मा, सुरेंद्र कुंदार, सुरेश कुमार, रमेश कुमार, मनी राम, चंद्रशेखर आदि ने भी संबोधित किया।