मंडी। शहर के बस स्टैंड से 30 मार्च को अचानक गायब हुए 14 वर्षीय विकास राणा उर्फ भानू का पता नहीं चल पाया है। इससे परिजन परेशान हैं। भानू सरकाघाट उपमंडल के गांव टिक्कर का रहने वाला है। इस बारे में सदर थाना में रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी है। भानू के पिता जगजीवन पाल ने बताया कि उसका बेटा कुछ मानसिक तौर पर अस्वस्थ है। वह कुछ दिन पहले बस में बैठकर मंडी आ गया और यहां पर सौली खड्ड में अपने रिश्तेदारों के पास रहा। 30 मार्च को रिश्तेदारों ने उसे मंडी से कमलाह जाने वाली बस में एक परिचित रिंकू के साथ बिठा दिया। यह बस उनके गांव से होकर जाती है। रिंकू कोई सामान लेने बस से नीचे उतरा और जब वापस आया तो भानू गायब था। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि यदि भानू को कोई कहीं भी देखे या पता चले तो मंडी पुलिस या उन्हें (जगजीवन पाल) को उनके मोबाइल 98824 17550 या 98167 19250 पर सूचित करें।